

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवा रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित आईएफएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में आयोजित 27 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर खिलाड़ी हिस्सा ले रहे देश भर से आए वन विभाग के अधिकारियों से मुलाक़ात की और उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “देश के अलग अलग प्रदेशों से आकर बतौर खिलाड़ी शिरक़त कर रहे वन विभाग के अधिकारीगणों कर्मचारियों का छत्तीसगढ़ प्रदेश में आत्मीय स्वागत करता हूं। यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है कि राष्ट्रीय स्तर की 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए हमारे छत्तीसगढ़ का चयन किया गया, इसके लिए मैं केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और पूरे विभाग को आभार भी देता हूँ। मैं उम्मीद करता हूँ कि छत्तीसगढ़ में आकर आप सभी को बहुत अच्छा लगा होगा। छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है, यहां पर 44% वन है और कई जलप्रपात और गुफाओं सहित अनेक दर्शनीय स्थल हैं। इस खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से हमारे देशभर के आईएफएस अधिकारियों के साथ-साथ वन विभाग के जितने खिलाड़ी हैं सबसे मिलने का यह अवसर यहां पर मिला है।”
आईएफएस ऑफ़ीसर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम वन मंत्री केदार कश्यप, स्वामी राजीव लोचन महाराज, आईएफएस एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संरक्षक व्ही श्रीनिवास राव और अध्यक्ष सुश्री संजीता गुप्ता सहित अनेक अधिकारीगण उपस्थित थे।



































