दुनिया के बड़े अर्थशास्त्री और देश के पूर्व प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह का गुरूवार की रात नौ बजकर इक्यावन मिनट पर दिल्ली के एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। एम्स की प्रोफ़ेसर इन चार्ज मीडिया सेल प्रभारी डॉ रिमा के मुताबिक़ गुरूवार की शाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबियत उनके निवास में ही बिगड़ गई थी, जहां डाक्टर्स ने प्रारंभिक उपचार शुरू कर दिया था, मगर हालत में सुधार ना होता देख रात आठ बजकर छः मिनट पर नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। तमाम विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में पूर्व प्रधानमंत्री का ईलाज गहन चिकित्सा इकाई में शुरू हुआ। चिकित्सा विशेषज्ञों की तमाम कोशिशों के बावजूद पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को नहीं बचाया जा सका। उन्होंने रात नौ बजकर इक्यावन मिनट पर इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
92 साल 3 नहीने की उम्र में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन की ख़बर लगते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंचे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित तमाम बड़े नेता तो शुरू से ही एम्स में मौजूद थे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी अपना बेलगामी दौरा बीच में छोड़कर दिल्ली लौट रहे हैं, उन्होंने शुक्रवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद से सभी राजनैतिक दलों की तरफ़ से श्रद्धांजलि का दौर शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं ने डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख ज़ाहिर किया है।




































