शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, उनके परिवारों का सम्मान हम सभी का दायित्व: राज्यपाल रमेन डेका
शौर्य दिवस समारोह में शहीद परिवारों का किया सम्मान, वीर जवानों के त्याग और समर्पण को किया नमन
युवाओं से शहीदों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका बीते 13 नवंबर की शाम रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए, इस अवसर पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों का सम्मान किया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि “देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा, एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीदों के परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।” उन्होंने यह भी कहा कि “शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।”
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि “कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है, अनेक जवानों ने देश और प्रदेश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।” उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आत्मसात करने का करते हुए कहा कि “देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।” राज्यपाल ने सभी अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की साथ ही शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के शहीद परिवारों के परिजनों के अलावा राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर शंकर, कमाण्डेड अजय सिंह बिसेन, वीर पिता सुभाष त्रिपाठी, वीर माता श्रीमती आशा त्रिपाठी, राहुल शुक्ला, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी राजेश पटनायक सहित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, छत्तीसगढ़ ओडीशा सब एरिया कोसा कार्यालय, भूतपूर्व सैनिक संगठन, 28 बटालियन एनसीसी के प्रतिनिधि, शहर की सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन,किरोड़ीमल शासकीय पाॅलिटेक्निक, शर्मा टेंट हाऊस, श्याम प्रिंटर्स, रश्मि ग्राफ़िक्स और लाईट साउंड व्यवस्था में रवि शर्मा की भी विशेष भूमिका रही।
राज्यपाल के हाथो छात्रों को प्रदान की प्रोत्साहन राशि
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की तरफ़ से राज्यपाल ने उन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया, जिन्होंने 2025-26 में रायगढ़ जिले से सैनिक स्कूल, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एनडीए के अलावा ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी और भारतीय रक्षा अकादमी में दाखिला लिया है। सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया तथा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल एवं अर्नव गुप्ता शामिल थे। इसी प्रकार ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि एवं भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर.बालाजी को प्रोत्साहन राशि दी गई।








































