संपन्न हुआ जिला अधिवक्ता संघ का शपथ ग्रहण




बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बीते बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक तौर पर शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर जिला न्यायालय परिसर में नये सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव मौजूद थे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, सुशांत शुक्ला, महापौर रामशरण यादव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव, संरक्षक अधिवक्ता संघ एसके सिन्हा एवं प्रतिनिधि भारतीय विधिज्ञ परिषद शैलेन्द्र दुबे मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने जिला अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “न्यायधानी बिलासपुर का जिला अधिवक्ता संघ प्रदेश के अधिवक्तओं का सबसे पुराना संगठन है, फिलहाल साढ़े 3 हजार विद्वान अधिवक्ता इस संघ से जुड़े है।” उन्होंने आगे कहा कि “शुरू से ही इस संस्था का ऐतिहासिक महत्व रहा है, इनके सदस्यों ने आजादी की लड़ाई में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया, यही नहीं बड़े-बड़े राजनेता और न्यायविद् भी इसी संगठन ने पैदा किये हैं।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “अधिवक्ताओं के समक्ष कई समस्याएं मौजूद हैं, लेकिन इनकी परवाह किये बिना लोगों को न्याय दिलाने में महती भूमिका अदा कर रहे हैं। गरीबी अमीरी का भेदभाव किये बिना सभी को समभाव से न्याय दिलाने में जिला अधिवक्ता संघ ने मिसाल पेश की है।” मुख्यमंत्री ने संघ की मांग पर राजस्व मण्डल और स्थायी लोक अदालत में सदस्यों की नियुक्ति जल्द करने का आश्वासन भी दिया।
इसी अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि “मैं ख़ुद अधिवक्ता रहा हूं, इसलिए अधिवक्ताओं की समस्याओं से भली भांति अवगत हूं, उनकी तमाम समस्याएं शनैःशनैः दूर करने का प्रयास किया जायेगा।” श्री साव ने आगे कहा कि पिछले 10-12 वर्षों के दौरान न्यायालयों में सुविधाओं का तीव्र गति से विकास हुआ है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुलभ तरीक़े से न्याय मिल सकेगा।” जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने स्वागत भाषण दिया, उन्होंने अधिवक्ताओं को होने वाली दिक्कतों का उल्लेख करते हुए इनका समाधान करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। इस अवसर पर कलेक्टर और एसपी सहित न्यायाधीश, अधिवक्ता और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी तादाद में मौजूद थे।





























