रायगढ़ । गद्दीचौक से सुभाष चौक होते हुए निगम के दफ़्तर तक नाली निर्माण जारी है, बताते हैं कि गौरी शंकर मंदिर रोड की तरफ़ भी सड़क किनारे नाली निर्माण होना है।


अभी जो नाली निर्माण का काम जारी है गद्दीचौक से लिबास के सामने तक दुकानों के आगे पुरानी नाली खोद दी गई है, जिससे दुकानदारों और उनके ग्राहकों को असुविधा होना लाज़िमी है मगर कुछ दिनों की असुविधा आने वाले सालों साल के लिए बड़ी राहत साबित होगी, ख़ासकर बरसाती पानी के भराव के संदर्भ में…
अब निगम द्वारा नाली के ऊपर से अतिक्रमण हटाये जाने पर सवाल खड़ा कर रहा है दशकों से नाली के ऊपर डंके की चोट के साथ अतिक्रमण करने वाला यह व्यावसायिक प्रतिष्ठान, इसी प्रतिष्ठान के संचालक का ठीक पीछे संस्कृत पाठशाला भवन परिसर के बड़े हिस्से में कब्ज़ा है, अपुष्ट ख़बरों से ये पता चलता है कि संस्कृत पाठशाला भवन परिसर में अपने कब्ज़े की जगह (संपत्ति नगर निगम) को किराये पर चढ़ा दिया गया है।

यहां लाख टके का सवाल ये कि ग़रीबों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान का हंटर चलाने वाले जन प्रतिनिधि और जिला प्रशासन, निगम प्रशासन ऐसे अतिक्रमण को आख़िर किसकी शह पर नज़र-अंदाज़ कर रहा है।
श्याम टाॅकीज़ रोड के दुकानदारों का आगे, पीछे और ऊपर की तरफ़ किया गया अतिक्रमण, केवड़ाबाड़ी बस स्टैण्ड स्थित निगम के काॅम्पलेक्स के बरामदे में अतिक्रमण, हण्डी चौक से जनार्दन बैद के सामने होते हुए बूजी भवन रोड का अतिक्रमण, पुरानी हटरी का अतिक्रमण, रामनिवास टाकीज रोड का अतिक्रमण, रेल्वे स्टेशन के सामने नाले का अतिक्रमण, जगदंबा आश्रम शनि मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण और ऐसे ही शहर के अलग अलग हिस्सों में किये गये अतिक्रमण को आख़िर किसकी शह पर संरक्षित करके रखा गया है?
मतलब वो ग़रीब जिसे केवल वोट देने के लिए महत्व मिलता है, उसको तो जब चाहोगे भरी बरसात में घर से बेघर कर दोगे और जिनके अतिक्रमण को राजनैतिक दलों, जनप्रतिनिधियों का संरक्षण मिला हुआ है उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए हिम्मत नहीं जुटाओगे….
जिला प्रशासन, निगम प्रशासन और शहर सरकार का ऐसा नाकारा रवैय्या आख़िर काहे भाई……काहे मतलब काहे








































