बीते 22 फ़रवरी रविवार को कोंड़केल ग्राम पंचायत में नवसृजन शिक्षा एवं जनसेवा समिति द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सक्रिय सहयोग से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड CSR विभाग के तहत् प्रायोजित विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन स्कूल प्रांगण में सफ़लतापूर्वक संपन्न हुआ। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा परियोजना क्षेत्र के प्रभावित गांवों में मिशन की तर्ज़ पर संचालित किये जा रहे इस विशेष स्वास्थ्य शिविर की औपचारिक शुरूआत सभी आमंत्रित अतिथियों द्वारा सरस्वती माता, भगवान धनवंतरी, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजन अर्चना के साथ हुई। अतिथि चिकित्सा विशेषज्ञों का स्वागत कोंड़केल पंचायत की सरपंच श्रीमती चंद्रावती सिदार द्वारा किया गया, वहीं कोंड़केल क्षेत्र में राजनीति के माध्यम से समर्पित जनसेवा की पहचान बन चुकी सक्रिय महिला सरपंच का आत्मीय स्वागत नवसृजन संस्था की तरफ़ से किशोर पटनायक द्वारा किया गया। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड CSR विभाग के शिविर में तीन चिकित्सा विशेषज्ञों डॉ. रोशन अग्रवाल, डॉ. मालती कुमारी और डॉ. धीरेंद्र कुमार वर्मा ने अपनी सेवाएं दी। कोंड़केल ग्राम पंचायत क्षेत्र के महिला, पुरुष, बुज़ुर्ग, बच्चों, युवक, युवतियों को मिलाकर तक़रीबन डेढ़ सौ लोगों ने विशेष चिकित्सा शिविर के माध्यम से सीधे तौर पर स्वास्थ्य लाभ लिया। इस शिविर में आने वाले मरीज़ों की स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही बीपी, शुगर और वज़न जांच करते हुए डाॅक्टर्स द्वारा प्रिस्क्राईब की गई दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। शिविर के दौरान ही विशेष रूप से अनुभवी हेल्थ केयर कोच श्रीमती रुकमणी साव द्वारा 29 लोगों का BMI (Body Mass Index) जांच कर उचित परामर्श दिया गया। चिकित्सा शिविर कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती चंद्रावती सिदार और उनकी टीम ने पूरे अपना भरपूर सहयोग दिया, चिकित्सा शिविर को सफ़ल बनाने में कोड़केल स्कूल के शिक्षक रामधन मलाज, स्कूल के बच्चे, नवसृजन से दुर्गाशंकर नायक,श्रीमती जमुना भगत, श्रीमती भांजनी गुप्ता, श्रीमती संतोषी मेहर, श्रीमती दीपा सिंग, राजेश अग्रवाल, रूपेश गुप्ता, मितानिन द्वय श्रीमती सरोज श्रीवास(कोड़केल), श्रीमती ललिता राठिया (बालजोर) का ख़ास सहयोग रहा।

ग़ौरतलब है कि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड अपनी परियोजना क्षेत्र में ग्रामीण विकास के साथ साथ ग्रामीणों की सेहत को लेकर संकल्प के साथ काम कर रही है, अपने सीएसआर विभाग के जरिये रायगढ़ अंचल के सक्रिय एनजीओ नवसृजन शिक्षा एवं जनसेवा समिति को साथ लेकर चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, इन चिकित्सा शिविरों का अब तक बड़ी तादाद में ग्रामीणों ने लाभ उठाया है जिससे कि ग्रामीणों के बीच हिंडाल्को की छबि एक सकारात्मक और जनसेवा के प्रति समर्पित उद्योग समूह के तौर पर बन रही है, जो कि भविष्य के लिए बेहतर संकेत है।





































